पूजा त्रिपाठी II
कोरोना महामारी की दूसरी लहर से लेकर किसान आंदोलन के अंत तक, ओलंपिक में गोल्ड और मिस यूनिवर्स के ताज तक की प्रमुख घटनाओं की वजह से 2021 को अरसे तक याद किया जाएगा। इसके अलावा भारत के साथ पूरी दुनिया कुछ और बड़ी घटनाओं का गवाह रही। साहित्य और खेल की कुछ हस्तियों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। दिग्गज कथाकार मन्नू भंडारी हमसे बिछड़ गईं, तो उड़नसिख मिल्खा सिंह अपनी यादें छोड़ गए। वहीं कई लेखकों को पुरस्कार से नवाजा गया। साहित्य का नोबल पुरस्कार अब्दुल रज्जाक गुरनाह को दिए जाने की घोषणा की गई।
प्रस्तुत है देश दुनिया की बड़ी घटनाओं का लेखा-जोखा
किसान आंदोलन : तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर धरने पर बैठे किसानों ने दिल्ली में 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकाला। इस मार्च के दौरान कई जगह सुरक्षा बलों और किसानों के बीच टकराव देखने को मिला। लालकिला पहुंचे किसान संगठन के लोगों ने लालकिले पर कथित तौर पर धार्मिक ध्वज लहराया जिससे टकराव की स्थिति पैदा हो गई। एक साल से भी ज्यादा समय तक चले आंदोलन के बाद सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए। किसान अपने घरों को लौट गए।
लखीमपुर खीरी कांड : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों को गाड़ी से कुचलने की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। इस घटना में सात किसानों, एक पत्रकार और तीन लोगों की मौत हो गई थी।
उत्तराखंड में फिर प्राकृतिक आपदा : चमोली में ग्लेशियर फटने से 2013 की केदानाथ धाम की त्रासदी की याद ताजा कर दी। इसकी वजह से राज्य में जनधन की बड़ी हानि हुई और सरकार के कई हाइड्रो प्रोजेक्ट पूरी तरह बर्बाद हो गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति का चुनाव : अमेरिकी संसद कैपिटल हिल पर हिंसा ने न केवल दुनिया के सबसे ताकतवर देश को शर्मसार कर दिया बल्कि यह घटना अमेरिकी इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। चुनाव जीतने पर जो बाइडेन ने अमेरिका के राष्ट्रपति और भारतीय मूल की कमला हैरिस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। बाइडेन का अमेरिकी राष्ट्रपति बनना इस साल की बड़ी घटनाओं में से एक है। अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में बाइडेन ने 20 जनवरी 2021 को शपथ ली। इसके साथ ही वे देश के इतिहास में सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति बन गए। इस चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प को करारी हार का सामना करना पड़ा।
कोरोना से जंग के बीच आक्सीजन संकट : देश-दुनिया के लिए स्वास्थ्य के लिहाज से यह दौर सबसे चुनौती भरा रहा। जब कोरोना ने देश में जम कर कहर मचाया। इस दौरान देश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल तो खुली ही, आक्सीजन संकट और दवाओं की किल्लत के चलते कई लोगों की जान भी चली गई।
कई मूर्धन्य साहित्यकार नहीं रहे : हिंदी की सुप्रसिद्ध कहानीकार मन्नू भंडारी समेत साहित्य के कई रचयिता इस साल नहीं रहे। इनमें लेखक विल्वर स्मिथ, भारत यायावर, कमला भसीन, अली जावेद, लेखिका गेल ओमवेट, बांग्ला कवि सरत मुखर्जी और लेखिसा केरी हुल्मे नहीं रहीं।
कन्नड़ सुपरस्टार राजकुमार का निधन : कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार अक्टूबर को निधन हो गया जिससे पूरा फिल्म जगत स्तब्ध रह गया। पुनीत राजकुमार अपने प्रशंसकों में इतने लोकप्रिय थे कि उनकी मौत के सदमे से तीन प्रशंसकों ने भी दम तोड़ दिया था।
मिल्खा सिंह का निधन : 18 जून 2021 को पूरे देश के लिए बहुत बुरी खबर आई जब फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह ने दुनिया को अलविदा कह दिया ।
टोक्यो ओलंपिक : भारत के नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीत कर भारत का नाम दुनिया में रौशन कर कर दिया। टोक्यो ओलंपिक में ही भारतीय हाकी टीम ने 41 साल बाद कांस्य पदक जीता। ओलंपिक में भारत के इस शानदार प्रदर्शन के लिए यह घटना हमेशा इतिहास में दर्ज रहेगी।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 की घोषणा : भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2021 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की गई।
खेल स्टेडियम : गुजरात के अमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का नाम मोटेरा स्टेडियम से बदल कर नरेंद्र मोदी स्टेडियम कर दिया गया।
ब्रिटेन के प्रिंस फिलिप का निधन : ब्रिटेन के प्रिंस फिलिप का लंबी बीमारी के बाद 99 वर्ष की उम्र में 9 अप्रैल 2021 को निधन हो गया।
ट्विटर के नए सीईओ : माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने साल 2021 में एक बड़ा फैसला करते हुए 29 नवंबर को भारतीय मूल के पराग अग्रवाल को नया सीईओ नियुक्त किया। पराग ने ट्विटर के साथ सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर अपना करियर शुरू किया और वे पिछले करीब एक दशक से कंपनी से जुड़े हुए हैं।
नोबेल पुरस्कार : अश्वेत अफ्रीकी प्रोफेसर और महान उपन्यासकार अब्दुल रज्जाक गुरनाह को 2021 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया। गुरनाह ने खाड़ी देशों में शरणार्थियों तथा उनकी संस्कृतियों के बारे में अपने उपन्यासों में खूब चर्चा की। उनके उपन्यास पैराडाइज और मेमोरी आफ डिपार्चर को पूरी दुनिया में खूब शोहरत मिली। उनके उपन्यास डेसर्शन और बाय द सी को भी बुकर पुरस्कार और लास एंजिलिस टाइम्स बुक अवार्ड के लिए नामांकन मिल चुका है। अब तक कुल 117 लोगों को साहित्य का नोबेल सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
साहित्य अकादेमी के पुरस्कार : साहित्य अकादेमी अकादेमी ने 20 भारतीय भाषाओं के लेखकों को 2021 का साहित्य अकादेमी पुरस्कार देने की घोषणा की। अंग्रेजी के लिए नमिता गोखले और हिंदी के लिए दया प्रकाश सिन्हा को यह पुरस्कार दिया गया है। दया प्रकाश सिन्हा को उनके नाटक ‘सम्राट अशोक’ के यह पुरस्कार दिया गया। वहीं अंग्रेजी के लिए नमिता गोखले को उनके उपन्यास ‘थिंग्स टू लीव बिहाइंड’ के लिए सम्मानित किया गया। इनके अलावा पंजाबी के लिए खालिद हुसैन को उनके कहानी संग्रह ‘सूलां दा सालण’ के लिए पुरस्कार दिया जाएगा।
मिस यूनिवर्स 2021 : इजरायल में आयोजित 70वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत की बेटी हरनाज कौर संधू ने मिस यूनिवर्स 2021 का ताज अपने नाम कर लिया। यह तीसरी बार है जब भारत ने यह खिताब जीता है। इसके पहले 1994 में सुष्मिता सेन और साल 2000 में लारा दत्ता ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। भारत ने 21 साल बाद इस प्रतियोगिता को अपने नाम किया।
सीडीएस जनरल बिपिन रावत का निधन : 8 दिसंबर को भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत 14 सेना के अधिकारियों को लेकर जा रहा भारतीय वायुसेना का हेलिकॉप्टर एमआई-17वीएम तमिलनाडु के कुन्नूर की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 11 अन्य सैन्यकमिर्यों की मौत हो गई।
अफगानिस्तान में तख्तापलट : तालिबान ने अफगान सरकार पर कब्जा कर लिया और राष्ट्रपति भवन से अफगानिस्तान सरकार का झंडा उतार कर तालिबान का झंडा लगा दिया।
नेफ्ताली बेनेट बने इजराइल के प्रधानमंत्री : इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जून 2021 में 12 साल के कार्यकाल के बाद पद छोड़ना पड़ा। 49 साल के नेफ्ताली बेनेट प्रधानमंत्री बने। इजराइली संसद में नई सरकार के पक्ष में बहुमत होने के चलते नेतन्याहू को अपना पद गंवाना पड़ा।
बारबाडोस दुनिया का सबसे नया गणतंत्र : भारत की राजधानी दिल्ली से भी बहुत छोटा देश बारबाडोस दुनिया का सबसे नया गणतंत्र बन गया। दक्षिण-पूर्वी कैरेबियन सागर स्थित बारबाडोस 30 नवंबर 1966 को ही आजाद हो गया था। लेकिन यह बिटिश शासन के प्रभाव में बना रहा।
एयर इंडिया का स्वामित्व टाटा को : एयर इंडिया की स्थापना 1932 में टाटा एयरलाइंस के नाम से जहांगीर रतनजी दादाभाई टाटा द्वारा की गई थी। इस साल सरकार ने टाटा संस को कंपनी का सौ प्रतिशत स्वामित्व सौंप दिया।
जम्मू एअरबेस पर आतंकी हमला : आतंकवादियों ने 27 जून को जम्मू एअरबेस पर ड्रोन से हमला कर दिया। इस घटना से पूरा देश हिल गया। ड्रोन से हमला करने की आतंकवादियों की पहली घटना है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले : 18 अक्टूबर को बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय हिंदुओं पर हमले की घटनाएं हुईं। बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बना कर दंगे हुए जिसमें अल्पसंख्यक हिंदुओं को जानमाल का भारी नुकसान उठाना पड़ा।
Leave a Comment