अश्रुत पूर्वा II
दिल्ली। साहित्य अकादेमी ने 20 भारतीय भाषाओं के लेखकों को 2021 का साहित्य अकादेमी पुरस्कार देने की घोषणा की है। अंग्रेजी के लिए नमिता गोखले और हिंदी के लिए दया प्रकाश सिन्हा को यह पुरस्कार दिया जाएगा। अकादेमी के सचिव के श्रीनिवास राव ने विज्ञप्ति में बताया कि दया प्रकाश सिन्हा को उनके नाटक ‘सम्राट अशोक’ के यह पुरस्कार दिया जा रहा है। वहीं अंग्रेज़ी के लिए नमिता गोखले को उनके उपन्यास ‘थिंग्स टू लीव बिहाइंड’ के सम्मानित किया गया है। इनके अलावा पंजाबी के लिए खालिद हुसैन को उनके कहानी संग्रह ‘सूलां दा सालण’ के लिए पुरस्कार दिया जाएगा।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि साहित्य अकादेमी पुरस्कार 2021 के लिए घोषित पुरस्कारों में सात कविता संग्रह, पांच कहानी संग्रह, दो नाटक, दो उपन्यास, एक जीवनचरित्र, एक महाकाव्य, एक आत्मकथा और एक आलोचना की पुस्तकें शामिल हैं। पुरस्कारों की अनुशंसा इन भारतीय भाषाओं की निर्णायक समितियों ने की। अकादेमी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कम्बार की अध्यक्षता में कार्यकारी मंडल की बैठक में इन्हें अनुमोदित किया गया।’ गुजराती, मैथिली, मणिपुरी और उर्दू के पुरस्कार बाद में घोषित होंगे। बता दें कि अकादेमी हर साल कुल 24 भारतीय भाषाओं के लेखकों को पुरस्कृत करती है।
अकादेमी के सचिव राव के अनुसार कविता संग्रहों के लिए मोदाय गाहाय (बोडो), संजीव वेरेंकार (कोंकणी), हृषिकेश मल्लिक (ओड़िया), मीठेश निर्मोही (राजस्थानी), विंध्येश्वरी प्रसाद मिश्र ‘विनय’ (संस्कृत), अर्जुन चावला (सिंधी), गोराति वेंकन्ना (तेलुगु) को पुरस्कृत किया जाएगा। जबकि कहानी संग्रह के लिए राज राही (डोगरी), किरण गुरव (मराठी), निरंजन हांसदा (संताली) और अम्बई (तमिल) को पुरस्कार दिया जाएगा। उपन्यास के लिए अनुराधा शर्मा पुजारी (असमिया), नाटक के लिए ब्रत्य बासु (बांग्ला), जीवन चरित्र के लिए डी.एस. नागभूषण (कन्नड़), महाकाव्य के लिए छविलाल उपाध्याय (नेपाली), आत्मकथा के लिए जॉर्ज ओनाक्कूर (मलयालम) और आलोचना के लिए वली मोहम्मद असीर किश्तवारी (कश्मीरी) को पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इसी के साथ युवा पुरस्कार एवं बाल साहित्य पुरस्कार 2021 भी दिए जाएंगे। युवा एवं बाल पुरस्कार 22 भाषाओं के लिए दिए जा रहे हैं। साहित्य अकादेमी युवा पुरस्कार 2021 में हिंदी के लिए हिमांशु वाजपेयी को उनके कहानी संग्रह ‘किस्सा किस्सा लखनउवा-लखनऊ के अवामी किस्से’ के लिए, अंग्रेज़ी के लिए मेघा मजुमदार को उनके उपन्यास ‘ए बर्निंग’, उर्दू के लिए उमर फरहत को उनके काव्य संग्रह ‘ज़मीन ज़ाद’ तथा पंजाबी के लिए वीर देविदर सिंह को उनके निबंध संग्रह ‘पा दे पैलां के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की गई है
बाल पुरस्कारों में हिंदी के लिए देवेंद्र मेवाड़ी को उनके नाटक संग्रह ‘नाटक-नाटक में विज्ञान’, अंग्रेजी में अनीता वच्छरजनी को उनकी जीवनी ‘अमृता शेर-गिल: रिबेल विद ए पेंटब्रुश’, उर्दू के लिए कौसर सिद्दीकी को उनके कविता संग्रह चराग फूलों के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। (स्रोत : साहित्य अकादेमी)

साहित्य अकादेमी के मुताबिक इन पुस्तकों को संबंधित भाषा के त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है। पुरस्कार एक जनवरी 2015 से 31 दिसंबर 2019 के दौरान पहली बार प्रकाशित पुस्तकों के लिए देने की घोषणा की गई है। मुख्य पुरस्कार विजेता को पुरस्कार स्वरूप उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपए की राशि तथा युवा पुरस्कार व बाल साहित्य पुरस्कार विजेताओं को उत्कीर्ण ताम्रफलक और 50 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। विशेष समारोह में ये सभी पुरस्कार दिए जाएंगे।
Leave a Comment