अश्रुत तत्क्षण

फिजी में 15 फरवरी से शुरू होगा विश्व हिंदी सम्मेलन

अश्रुतपूर्वा II

नई दिल्ली। फिजी में विश्व हिंदी सम्मेलन की तैयारी पूरी हो गई है। यह सम्मेलन 15 फरवरी से आरंभ हो रहा है। इसका उद्घाटन विदेश मंत्री एस जयशंकर और फिजी के प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका करेंगे। यह सम्मेलन 17 फरवरी तक चलेगा। भारत से और दुनिया भर से कई हिंदी साहित्यकार, लेखक-कवि तथा राजभाषा से जुड़े अधिकारी इसमें शामिल होंगे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर और फिजी के प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका बारहवें विश्व हिंदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दक्षिण प्रशांत महासागर द्वीपीय देश में पिछले साल दिसंबर में एक नई गठबंधन सरकार के सत्ता में आने के बाद से, 15 फरवरी से जयशंकर की फिजी यात्रा किसी भारतीय नेता की पहली यात्रा होगी।
बताया गया है कि  एस जयशंकर प्रधानमंत्री राबुका से मुलाकात करने के अलावा कई नेताओं के साथ बैठक करेंगे। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन और गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के भी 15 से 17 फरवरी तक आयोजित होने वाले विश्व हिंदी सम्मेलन को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
विश्व हिंदी सम्मेलन का मुख्य विषय है- हिंदी : पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक है। सम्मेलन में एक पूर्ण सत्र होगा। वहीं गिरमिटिया देशों में हिंदी; फिजी और प्रशांत क्षेत्र में हिंदी; सूचना प्रौद्योगिकी और 21वीं सदी में हिंदी; मीडिया और हिंदी को लेकर वैश्विक धारणा; भारतीय ज्ञान परंपराओं और हिंदी का वैश्विक संदर्भ; भाषायी समन्वय एवं हिंदी अनुवाद जैसे दस समानांतर सत्र होंगे।
विश्व सम्मेलन में हिंदी सिनेमा के विभिन्न रूपों और वैश्विक परिदृश्य; वैश्विक बाजार और हिंदी; बदलते परिदृश्य में प्रवासी हिंदी साहित्य तथा भारत एवं विदेश में हिंदी शिक्षण, चुनौतियां व समाधान पर समानांतर सत्र आयोजित किया जाएगा। हिंदी के विद्वानों और अधिकारियों का 270 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन के लिए फिजी जाएगा। सम्मेलन में 50 देशों के प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। (यह समाचार मीडिया में आए समाचार पर आधारित)

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!