अश्रुत तत्क्षण

देश और बिंदासजैसे शब्दों के उच्चारण भी आक्सफोर्ड शब्दकोश में

अश्रुतपूर्वा II

नई दिल्ली। देश और बिंदास जैसे शब्दों सहित भारतीय अंग्रेजी से संबद्ध 800 से अधिक प्रविष्टियों के लिए उच्चारण दिशानिर्देश और आडियो अब आक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में मिलेंगे। आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस के मुताबिक इस शब्दकोश में शामिल किए गए उच्चारणों के वैश्विक प्रकारों की संख्या बढ़ा कर 16 कर दी गई है। वहीं विश्व अंग्रेजी उच्चारण आडियो लेखागार में हालिया प्रविष्टि ने देश में 13 करोड़ भारतीय अंग्रेजी बोलने वालों के लिए एक बड़ा अंतराल मिटा दिया है।
आक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी के लिए उच्चारण संपादक डॉ. कैथरीन के मुताबिक जब से हमने ब्रिटिश और अमेरिकी अंग्रेजी के प्रकारों के लिए उच्चारणों के हमारे कवरेज को विस्तारित करने और उसमें आॅडियो शामिल करना शुरू किया है, भारतीय अंग्रेजी हमारी बड़ी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा, हमने इसकी जटिलता से निपटने के लिए एक ट्रांस्क्रिप्शन मॉडल विकसित किया है। अब आॅक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में अंग्रेजी के इस अत्यधिक महत्त्वपूर्ण प्रकार के लिए उच्चारण उपलब्ध करा सकते हैं। शब्दकोश में जिन अन्य भारतीय शब्दों के उच्चारण का तरीका बताया गया है उनमें दीया, बच्चा (एक नन्हा जानवर भी इसमें शामिल है) और अलमीरा शामिल हैं।
आक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी 2016 से ही अंग्रेजी के कई वैश्विक प्रकारों के लिए उच्चारण के अपने तरीकों को विस्तारित कर रहा है। आॅक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी की विश्व अंग्रेजी संपादक डेनिसा सालाजार ने कहा,  भारतीय   अंग्रेजी के उच्चारण को आइईडी में शामिल किया जाना विश्व में अंग्रेजी बोलने वाली आबादी के इस तरह के एक बड़े हिस्से के उच्चारण का दस्तावेजीकरण करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। यह आक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी को अंग्रेजी के वैश्विक प्रकारों पर शोध करने वालों को एक अधिक उपयोगी जरिया मुहैया कराएगा। (यह समाचार मीडिया में आई खबर पर आधारित)

About the author

ashrutpurva

error: Content is protected !!