अश्रुत पूर्वा II
नई दिल्ली। गांधी हमारे राष्ट्रपिता हैं। क्या देश और क्या दुनिया सभी उनका सम्मान करते हैं। यह अहिंसा का उनका स्द्धिांत ही है जो पूरी दुनिया को किसी भी वैश्विक युद्ध और टकराव से बचाए हुए है। महात्मा के प्रति इस सम्मान को अभिव्यक्त करने के लिए दिल्ली मे गांधी सेल्फी वाटिका ने सभी का ध्यान आकृष्ट किया है।
पिछले दिनों राजघाट के पास रिंग रोड पर गांधी दर्शन का मुख्य द्वार खोला गया। यह द्वार कोई पचास साल बाद खोला गया है। इस समय इसका आकर्षक रूप देखते बनता है। यहां महात्मा गांधी की 12 फुट ऊंची चरखा चलाते हुए प्रतिमा लगाई गई है। इसका अनावरण पिछले दिनों राष्ट्रपति ने किया। विशेष बात यह है कि यहां गांधी सेल्फी वाटिका बनाई गई है।
गांधी दर्शन समिति के अध्यक्ष विजय गोयल ने पिछले दिनों गांधी दर्शन के नए स्वरूप को सबके सामने रखा। उन्होंने बताया कि जी-20 सम्मेलन के लिए आने वाले विदेशी मेहमानों और पर्यटकों को ध्यान में रख कर गांधी दर्शन के मुख्य द्वार पर ‘गांधी सेल्फी वाटिका’ बनाई गई है।
गांधी दर्शन के मुख्य द्वार पर जी20 में शामिल देशों के 20 झंडे भी लगाए गए हैं। बीच में महात्मा गांधी की तस्वीर है। उद्घाटन के दौरान राष्ट्रपति ने गांधी सेल्फी वाटिका का अवलोकन किया। उम्मीद है आने वाले समय में युवा और पर्यटक यहां सेल्फी लेंगे।