भारतीय संग्रहालय और आक्सफोर्ड बुक स्टोर करेंगे मेजबानी। इस महोत्सव में अमेरिकी उपन्यासकार एलिस वॉकर सहित सौ से अधिक साहित्यकार हिस्सा लेंगे।
अश्रुतपूर्वा II
नई दिल्ली। कोलकाता से साहित्य प्रेमियों के लिए बड़ी खबर। यहां तीन दिवसीय एपीजे कोलकाता साहित्य महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह उत्सव 12 जनवरी से आयोजित होगा। इस महोत्सव में अमेरिकी उपन्यासकार एलिस वॉकर सहित सौ से अधिक लेखक और साहित्यकार हिस्सा लेंगे। इस बार देश का सबसे पुराना भारतीय संग्रहालय और पार्क स्ट्रीट में स्थित सौ साल पुराना प्रतिष्ठित आॅक्सफोर्ड बुक स्टोर महोत्सव की मेजबानी करेगा।
खबरों के मुताबिक कवि जेरी पिंटो और जीत थायिल, स्तंभकार वीर संघवी, लेखिका शोभा डे, संग्रहालय की संरक्षक अलका पांडे और लेखक शोभा थरूर श्रीनिवासन समारोह के वक्ताओं की सूची में खास तौर से शामिल हैं। एपीजे कोलकाता साहित्य महोत्सव देश के प्रतिष्ठित साहित्य उत्सवों में से एक है। बता दें कि कोविड महामारी के कारण पिछले दो साल से इसका आयोजन आनलाइन हो रहा था। दो साल बाद 14वां साहित्य उत्सव बड़े रूप में हो रहा है।
एक बयान में कहा गया कि एपीजे कोलकाता साहित्य महोत्सव में फिल्म निर्माता मुजफ्फर अली और ओनिर, अभिनेता अरुणोदय सिंह तथा दिव्या दत्ता, शेफ और लेखक करन आनंद, फ्रांसीसी कोरियोग्राफर एनेट लेडे और लेखक क्रिस्टोफर क्लोएबल भी हिस्सा लेंगे। महोत्सव में महिलाओं, दलितों और एलजीबीटीक्यू को केंद्र में रखते हुए लेखन पर बात होगी। इस महोत्सव का समापन 15 जनवरी को होगा। (यह प्रस्तुति समाचारों पर आधारित)